कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की बजाय उनके कार्यों को गिनवाना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता महेंदर धर्माणी ने  कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की बजाय उनके कार्यों को गिनवाना चाहिए। धर्माणी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को हमीरपुर के मतदाताओं को बताना चाहिए कि पिछले डेढ़ वर्षों में मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं।

 

धर्माणी ने कहा, “कांग्रेस केवल मुख्यमंत्री का नाम ले रही है, जबकि वास्तविकता में हमें यह जानने की जरूरत है कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए क्या किया है। सड़कों की बदहाली, बंद पड़े संस्थान और ठप्प पड़े विकास कार्य जनता को कांग्रेस सरकार की नाकामियों का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हमीरपुर के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बंद कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।”

 

भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जनप्रतिनिधियों को अपमानित करने और उन्हें प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। धर्माणी ने कहा, “मुख्यमंत्री अपने नेतृत्व को स्थापित करने के लिए जनप्रतिनिधियों को अपमानित कर रहे हैं। कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष और सरकार के मंत्री पिछले डेढ़ वर्ष से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जी की प्रतिमा लगाने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस के भीतर कितनी एकजुटता है।”

 

कांग्रेस के नेता नरेश चौहान द्वारा केंद्र सरकार पर किए गए कटाक्ष पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए धर्माणी ने कहा, “कांग्रेस को यह समझने की जरूरत है कि केंद्र सरकार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार में हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार अपने ही कुकर्मों और अंदरूनी विवादों के कारण गिर जाएगी।”

 

धर्माणी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश में परिवारवाद को उसी तरह बढ़ावा दे रहे हैं जैसा कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व करता आया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस इस देश में परिवारवाद को बढ़ावा देने के अपने पुराने पैटर्न पर चल रही है, और मुख्यमंत्री भी इस पैटर्न को प्रदेश में लागू कर रहे हैं।”

 

धर्माणी ने कहा कि हमीरपुर की जनता को कांग्रेस के वादों और दावों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह हमीरपुर के लिए किए गए कार्यों की सूची सार्वजनिक करे। “जनता के लिए यह जानना जरूरी है कि उनके क्षेत्र में क्या विकास कार्य हुए हैं और क्या लंबित हैं। कांग्रेस की सरकार केवल वादों और खोखले आश्वासनों पर चल रही है।”

धर्माणी ने बताया कि भाजपा ने हमेशा प्रदेश के विकास के लिए काम किया है और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, “हमीरपुर के लोगों को एक ऐसे विधायक चाहिए जो उनके मुद्दों को समझे और उनके लिए काम करे। भाजपा हमेशा विकास और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी।”

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!