
जिला के सबसे बड़े अधिकारी यानि डी.सी. हमीरपुर के निवास के पास निर्माणाधीन डंगे से लाखों की क्रेट वायर चोरी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जिससे इस वी.आई.पी. क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से सदर थाना की पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। सदर थाना के अंतर्गत चोरियों के मामले लगातार बढ़ने से लोगों में दहशत का माहौल बना है। ऐसे अधिकांश मामले पुलिस के लिए चुनौती का विषय बने हुए हैं।
बता दें कि पिछली बरसात में डी. सी. निवास के पास लैंड स्लाइड होने के कारण बहुत ज्यादा भूमि कटाव हुआ था। जिसके उपरांत कुछ समय पहले डी.सी. निवास के बिलकुल पास उक्त स्थान पर डंगे का कार्य शुरू किया गया था। जहां डंगे के लिए निर्माण सामग्री रखी गई है। इनमें क्रैट वायर के कई बंडल भी निर्माण स्थल पर रखे गए थे। बताया जा रहा है कि वीरवार रात को इन क्रैट वायर के बंडलों पर किन्ही लोगों ने हाथ साफ कर लिया है, हैरानी की बात यह है कि इस क्षेत्र में सदर पुलिस स्टेशन की रात्रि गश्त रहती है लेकिन इसके बाबजूद भी चोरी की घटना को अंजाम दे दिया गया।
इस बारे में एस.पी. हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। करीब एक लाख रुपए की संपत्ति चोरी का अनुमान लगाया गया है। इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि नजदीकी सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी हिरासत में लिए जाएंगे
