अगस्त कोलकाता में महिला डॉक्टर से हुए बलात्कार और हत्या किए जाने से गुस्साए डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शनों के चलते चिकित्सा संस्थानों में सिक्योरिटी बढ़ाए जाने को लेकर क्वायदों का दौर शुरू हो गया है। देश और प्रदेश भर समेत डा राधा कृष्णन मैडीकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर में भी सिक्योरिटी बढ़ाने को लेकर कालेज प्रशासन मुस्तैद हो गया है। इस मैडीकल कालेज में जरूरी आधुनिक इलेक्ट्रिक सुरक्षा उपकरणो के साथ कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं ताकि कोलकाता जैसी घटना पेश नहीं आए और डॉक्टरों को सुरक्षित रखा जा सके। इस मैडीकल कालेज में कुछ नए सिक्योरिटी गार्ड्स की भर्ती की जा रही है ताकि सुरक्षा में किसी तरह की कमी नहीं रहे, यही नहीं कालेज के मुख्य गेटों और मुख्य परिसरों में सिक्योरिटी गार्ड्स को मैटल डिटैक्टर के साथ लैश करवाया गया है। कालेज एवं अस्पताल में लोगों के दाखिल होने के दौरान सिक्योरिटी गार्डस उनकी इस मैटल डिटेक्टर से तलाशी ले रहे हैं ताकि अस्पताल में कोई बाहरी व्यक्ति हथियार लेकर अंदर दाखिल नहीं हो सके। इसके अलावा कालेज और अस्पताल परिसर में सभी जगह सी.सी.टी.वी. कैमरे बढ़ाए जा रहे हैं। कुछ एक महत्वपूर्ण स्थानों से पुराने कैमरों को हटाकर उनकी जगह नए आधुनिक कैमरे लगवाए जा रहे हैं। इसमें एक अहम बात यह भी है कि अब सिक्योरिटी गार्डस के कंट्रोल रूम को भी शिफ्ट करने बारे आदेश जारी किए जा रहे हैं। बता दें कि मौजूदा समय में सिक्योरिटी गार्ड्स का कंट्रोल रूम 211 नंबर कमरे में चल रहा है, जिसे अब कालेज प्रशासन 210 में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। 210 नंबर कमरा एमरजेंसी गेट के बिलकुल सामने है, जिससे सिक्योरिटी गार्डस को बाहरी लोगों की गतिविधियों और हलचल पर नजर रखने को आसानी होगी। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से अन्य कई तरह के बदलाव प्रशासन द्वारा किए जा रहे हैं।
सिक्योरिटी बढ़ाने को लेकर कार्य किया जा रहा है : एम.एस.
इसके बारे में मैडीकल कालेज के मैडीकल अधीक्षक डा अजय शर्मा ने बताया कि कालेज परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सी.सी.टी.वी. कैमरों के साथ अन्य सिक्योरिटी बढ़ाई जा रही है। गार्ड्स के कंट्रोल रूम को भी शिफ्ट किए जाने पर विचार चल रहा है। सिक्योरिटी गार्डस को मैटल डिटैक्टर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
