जिला के तहत बड़सर क्षेत्र से लिया गया सरसों तेल का सेंपल फेल हो गया है। एक कंपनी का यह सरसों तेल था जिसमें मिनरल ऑयल की मात्रा अधिक पाई गई है। बड़सर क्षेत्र से ही शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली थी कि यहां पर एक कंपनी का सरसों तेल सही नहीं है। इस सरसों तेल में मिलावट की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़सर क्षेत्र से इस कंपनी के तेल के सेंपल भरे थे। कुछ दिन पूर्व भरे हुए सेंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें यह तेल अनसेफ की श्रेणी में पाया गया है। ऐसे में अब विभाग की तरफ से कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर को कुछ दिन पूर्व बड़सर क्षेत्र से शिकायत मिली कि एक कंपनी का सरसों का तेल सही नहीं है। इसमें मिलावट होने की आशंका है। शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम ने क्षेत्र में जाकर निरीक्षण किया तथा संबंधित कंपनी के सरसों तेल के सेंपल भरे गए। इस दौरान कंपनी को भी सूचित कर दिया गया कि तेल की गुणवत्ता पर लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में कंपनी ने अपना काफी स्टॉक वापस मंगवा लिया। वहीं अब सेंपल रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें सरसों तेल का सेंपल फेल पाया गया है। ऐसे में अब कंपनी द्वारा डिस्ट्रीब्यूट किए गए सरसों तेल की जानकारी जुटाई जाएगी। कितना तेल इस्तेमाल किया गया इसकी भी जानकारी हासिल की जाएगी। विभाग की तरफ से अब आगामी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर में सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि बड़सर से लिया गया एक कंपनी का सरसों तेल का सेंपल फेल हो गया है। कंपनी से सरसों तेल के डिस्ट्रीब्यूशन का रिकार्ड मांगा जाएगा। विभाग की तरफ से आगामी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
