वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र एवं वृद्धाश्रम कृष्णानगर में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। एनएचएस अस्पताल की तरफ से यह स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। सुबह दस बजे से शुरू हुआ शिविर दोपहर बार दो बजे तक चला। इस दौरान दिमाग, रीढ़ की हड्डी, हड्डी रोग (घुटने व कूल्हे), पेशाब के रोग तथा दिल के रोगों की जांच की गई। सभी रोगों के चिकित्सक सेवाएं देने के लिए केंद्र में पहुंचे। डा. सुभाष अग्रवाल हड्डी रोग विशेषज्ञ, डा. सुधीर सूद दिमाग के चिकित्सक, डा. साहिल सरीन हृदय रोग, डा. सतिंदर अग्रवाल पेशाब रोग विशेषज्ञ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। क्षेत्र के लोगों ने इस स्वास्थ्य जांच शिविर के लिए आयोजकों का आभार जताया। स्वास्थ्य जांच शिविर में बतौर मुख्यातिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण कुमार चौधरी पहुंचे। उन्होंने यहां संचालित हो रहे शिविर की व्यवस्थाओं की जांच की। शिविर के बेहतर आयोजन के लिए उन्होंने आयोजकों को बधाई दी।
बता दें कि वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र एवं वृद्धाश्रम में कई वृद्ध रह रहे हैं। यहां पर इन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। रहने, खाने तथा इलाज की सुविधा इन्हें प्रदान की जाती है। वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र में दरिद्र नारायण कल्याण समिति तथा एक्स सर्विसमैन लीग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निशुल्क ईसीजी, ब्लड शुगर, बीएमडी टेस्ट किया गया। इस दौरान निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डा. प्रवीण कुमार चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की अनुमति जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी गई थी। वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र में बेहतर ढंग से शिविर का संचालन किया गया। उन्होंने इसके लिए आयोजकों को बधाई दी।
वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र के संचालक मिलाप सिंह ने बताया कि दरिद्र नारायण कल्याण समिति तथा एक्ससर्विमेन लीग के संयुक्त सहयोग से शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि एनएचएस अस्पताल के चिकित्सकों ने यहां पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि समय-समय पर जनहित के कार्य किए जा रहे हैं।
