हमीरपुर – नेशनल हाईवे-103 पर भोटा बाईपास मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार के दिन अधिकारियों ने कार्रवाई की है। नोटिस की अनदेखी होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी तथा एनएच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार तथा एनएच के कनिष्ठ अभियंता द्वारा अस्थाई दुकानदारों को तुरंत अपनी दुकानदारी हटाने के लिए कहा गया। ऐसे में दुकानदारों ने अपनी यहां सजाई हुई दुकानों का सारा सामान उठा लिया है। यहां पर एक दुकान कई वर्षों से संचालित थी तथा रोजाना हजारों की कमाई होती थी। यहां पर कई कर्मचारी काम कर रहे थे। सभी दुकानों को हटाकर सरकारी भूमि पर किया गया अवैध कब्जा हटाया गया है।
जानकारी के मुताबिक एनएच-103 के किनारे भोटा बाईपास मार्ग पर सरकारी जमीन में अस्थाई दुकानदारी सजा दी गई थी। यहां पर लगाई गई दुकानों को न तो प्रशासन की अनुमति थी और न ही एनएच विभाग की। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप अतिक्रमण को हटाने के लिए नायब तहसीलदार भोटा की तरफ से दस दिन का समय दिया गया था। इसके लिए अस्थाई दुकानदारों को वकायदा नोटिस जारी किया गया था। इन्हें सामान उठाने के लिए दी गई मोहलत समाप्त हो चुकी थी, लेकिन इनकी दुकानदारी पहले की तरह ही सजी हुई थी। नोटिस की अनदेखी होने पर शनिवार के दिन नायब तहसीलदार तथा एनएच के कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे तथा इन्हें तुरंत अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया। अधिकारियों के आदेशों पर सभी अस्थाई दुकानदारों ने अपना सामान समेट लिया है।
एनएच के कनिष्ठ अभियंता ई. अजय ठाकुर ने बताया कि अस्थाई दुकानदारों को सामग्री हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस की समय अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण पहले जैसा ही था, ऐसे में शनिवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटवाया गया है। दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान यहां से हटा दिया।
