प्रदेश सरकार द्वारा जिला पुलिस विभाग में फिर से एक अधिकारी के ट्रांसफर ऑर्डर जारी किए गए हैं। नए आदेशों में सदर थाना प्रभारी (एस.एच.ओ.) इंस्पैक्टर बाबू राम शर्मा के ट्रांसफर ऑर्डर हुए हैं। बताया जा रहा है कि वह अब जिला चम्बा में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने करीब 1 महीना पहले ही सदर थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाला था।
हालांकि उन्हें अभी सदर थाना से रिलीव नहीं किया गया है परन्तु अगले हफ्ते वह रिलीव हो जाएंगे। उनके रिलीव होने के उपरांत किस अधिकारी को यहां प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया जाएगा इसका अभी स्पष्ट तौर से खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि बताया जा रहा है कि पंडोह आई. आर.बी.एन. से किसी इंस्पैक्टर के यहां ट्रांसफर ऑर्डर जारी हो सकते हैं।
बाबू राम शर्मा की बेहतर कुशल प्रणाली और नेतृत्व में ही सदर पुलिस ने 17 दिसम्बर को शिवनगर क्षेत्र में हुई करीब 12.63 लाख रुपए की नकदी चोरी के मामले को सुलझाने में कामयाबी हासिल की थी। उन्होंने चोरी की घटना के उपरांत करीब 4 दिनों के भीतर ही चोरी की आरोपी प्रवासी महिला को भी गिरफ्तार किया था।
इसके बारे में एस.पी. भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि एस.एच.ओ. बाबू राम शर्मा के ट्रांसफर ऑर्डर जारी हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया है।
