हमीरपुर के भगेटू गांव में 100% दिव्यांग राजन कुमार के घर की दीवार गिरी, सहायता की गुहार

हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव भगेटू में 100% दिव्यांग राजन कुमार के घर की दीवार गिर गई। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। राजन कुमार अपने 80 वर्षीय वृद्ध माताजी के साथ रहते हैं, और परिवार के मात्र दो सदस्य हैं। उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है, और घर में कमाई का कोई साधन नहीं है।

राजन कुमार का घर काफी समय से जर्जर अवस्था में था। इस बारे में उन्होंने कई बार सरकार और प्रशासन को अवगत कराया था। आपदा के समय घर की स्थिति को देखते हुए पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट भी तैयार की थी। इसके बाद राजन ने सरकार के समक्ष कई बार अपनी गुहार लगाई और यहां तक कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया।

इसके बावजूद, आज तक राजन कुमार को कोई ठोस सहायता नहीं मिली है। उनके अनुरोध और पत्राचार के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। आज तक राजन कुमार को आश्वासन के तौर पर सिर्फ पत्राचार ही मिले हैं। अब, राजन कुमार ने एक बार फिर प्रशासन और सरकार से आग्रह किया है कि उन्हें घर बनाने के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे और उनकी वृद्ध माता सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

हम सरकार और प्रशासन से अपील करते हैं कि दिव्यांग राजन कुमार के मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाएं और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!