उखली के शर्मा परिवार ने रैडक्रॉस को दी बेटी के शगुन की राशि जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने धाम में पहुंचकर प्राप्त किए 1,01,000 रुपये

जिला हमीरपुर के गांव उखली के शर्मा परिवार ने अपनी बेटी की शादी के दौरान रिश्तेदारों और अन्य लोगों से प्राप्त शगुन की पूरी राशि को जिला रैडक्रॉस सोसाइटी को दान कर दिया है।

उखली निवासी आदर्श शर्मा और सीमा शर्मा की पुत्री तथा ओपी शर्मा की पौत्री आयुषी की शादी 25 फरवरी को चंडीगढ़ के निकट जीरकपुर में विपुल सांगवान के साथ हुई थी और रविवार को गांव में प्रीति भोज यानि धाम का आयोजन किया गया।
शर्मा परिवार की ओर से विशेष निमंत्रण पर उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने धाम में पहुंचकर नवदंपत्ति एवं शर्मा परिवार को बधाई दी। इस दौरान आयुषी को शगुन के रूप में 90,552 रुपये मिले। शर्मा परिवार ने इसमें लगभग डेढ़ हजार रुपये अपनी ओर से डालकर जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव को 1,01,000 रुपये की राशि सौंप दी।
इस अंशदान के लिए शर्मा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि दुल्हन के दादा ओपी शर्मा, पिता आदर्श शर्मा, माता सीमा शर्मा और भाई अपूर्व शर्मा को जिला रैडक्रॉस सोसाइटी का संरक्षक बनाया गया है। दुल्हे विकुल सांगवान को भी सोसाइटी की आजीवन सदस्यता प्रदान की गई है।
अमरजीत सिंह ने बताया कि रैडक्रॉस सोसाइटी में प्राप्त अंशदान की राशि से गरीब, असहाय एवं जरुरतमंद लोगों की मदद की जाती है। इसलिए, अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ना चाहिए तथा अपनी नेक कमाई से कुछ न कुछ अंशदान करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त कार्यालय परिसर में सोसाइटी के माध्यम से एक कैंटीन भी आरंभ की जा रही है। उपायुक्त ने शर्मा परिवार को मंगलवार 4 मार्च को इस कैंटीन में विशेष रूप से आमंत्रित किया है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!