एनएच 03 के ज़ख्मों पर मरहम : होली पर पौने तीन साल बाद मिला पक्की सड़क का तोहफा , सड़क काली करने का काम शुरू

करीब पौने तीन साल बाद नेशनल हाईवे नंबर तीन को पक्का करने का कार्य बारी मंदिर में आरंभ हो गया है। माना जा रहा है कि निर्माण कंपनी ने बारी पंचायत को यह सुविधा दे होली का तोहफा दिया है। इससे धूल मिट्टी से राहत मिलेगी और अस्पताल में सांस की बीमारियो से जूझ रहे मरीजों को सकून मिलेगा। आपको बता दें कि कोट से लेकर आवाहदेवी तक जून 2022 में सारी सड़क को नेशनल हाईवे निर्माण कंपनी ने एकमुश्त उखाड़ फेंका था। निर्माण कार्य के चलते हजारों लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब कोट से लेकर ठाना दरोगण तक तथा झनिक्कर से लेकर समीरपुर तक हाइवे का अधिकाश हिस्सा पक्का हो चुका है। मंडी जिला के चोलथला, रखोह, सरकाघाट , पाड़छू , लौंगनी इत्यादि क्षेत्र में भी हाइवे को पक्का करने का काम जोरों पर चला हुआ है। इसी कड़ी में अब बारी मंदिर से टौणी देवी के तहसील बाईपास तक सड़क को पक्का करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। दिन रात कार्य चलने से लोगों और वाहन चालकों को राहत मिली है।

जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी , ग्राम पंचायत बारी के प्रधान रविंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान सरवन कुमार, जगदीश चौहान , बबीता , ग्रामीणों , लक्की , शीलू, राकेश, जयराज , भूमि राज , देशराज, सुनील चौहान , रिंकु इत्यादि ने कहा है कि सड़क को पक्का करने के साथ साथ सभी लिंक रोड और पानी निकासी का काम भी सही किए जाएं । तहसील और ब्लॉक कार्यालयों को जाने वाले संपर्क मार्गों को जल्दी ठीक किया जाए और भू मालिकों के साथ बैठकर विवादों का सही समाधान निकाला जाए।

इस बारे में नेशनल हाईवे नंबर तीन के इंचार्ज इंजीनियर अंकित सिंह ने कहा है कि 31 मार्च से पहले टौणी देवी से आवाहदेवी तक अधिकतर हाईवे पक्का हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईवे से जुड़े सभी लिंक रोड भी जनता की सुविधा के लिए रैंप बना ठीक किए जा रहे हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!