शिमला मे सरिया लेने के लिए ऑनलाइन ढूंढा नंबर, शातिर ने फर्जी डिस्ट्रीब्यूटर बता ठग लिए 11.35 लाख

प्रदेश में आए दिन साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। साइबर ठग अब ऑनलाइन सर्च किए गए नंबर के जरिए भी लोगों को झांसे में फंसा रहे हैं। साइबर ठगों ने शिमला के जुब्बल निवासी गोविंद सिंह से 11.35 लाख रुपए ठगे हैं। पीडि़त कारोबारी की रोहडू में ज्वेलरी की दुकान है। मामले की शिकायत पीडि़त कारोबारी ने पुलिस के पास दर्ज करवाई है, वहीं पुलिस ने पीडि़त कारोबारी की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गोविंद सिंह को अपने निजी निर्माण कार्य के लिए भारी मात्रा में सरिए की आवश्यकता थी। 25 अप्रैल को उन्होंने ऑनलाइन टाटा स्टील कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर का नंबर सर्च किया।

इसी दौरान एक शातिर ठग ने खुद को टाटा स्टील का एरिया मैनेजर आलोक कुमार बताकर उनसे संपर्क किया। साइबर ठगों ने गोविंद सिंह को झांसे में फंसाकर 15 टन सरिए का ऑर्डर बुक कराया और एडवांस में 11,35,650 रुपए की ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। गोविंद सिंह को भरोसा था कि वह सीधे कंपनी से माल खरीद रहे हैं, लेकिन तय समय पर जब सरिया नहीं पहुंचा और ठग से भी संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत रोहड़ू थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। उधर, एएसपी शिमला नवदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने पीडि़त कारोबारी की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रोहडू में बीएनए की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। एएसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी कंपनी से ऑनलाइन खरीदारी करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी कार्यालय से पुष्टि अवश्य कर लें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!