कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने की जलशक्ति एवं विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक

ज्वाली,13 मई। कृषि एवं पशु पालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज पीडब्लूडी विश्राम गृह ज्वाली में जलशक्ति विभाग एवं विद्युत बोर्ड के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में गर्मियों के मौसम में जल एवं विद्युत आपूर्ति की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने और चालू वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों की प्राथमिकताओं को तय करने पर चर्चा की गई।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपमंडल के ज्वाली,नगरोटा सुरियाँ तथा कोटला क्षेत्रों में जनता को बिजली व पानी की कोई समस्या न हो। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल में बढ़ती मांग को देखते हुए जल व बिजली सेवाओं की नियमित निगरानी की जाए और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।

प्रो. चन्द्र कुमार ने उन लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं जो टुल्लू पंप लगाकर सरकारी जल आपूर्ति लाइनों से अवैध रूप से पानी खींचते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, क्योंकि इससे आम जनता को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है।

बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने हेतु नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं एवं नई पावर लाइनों का विस्तार किया जा रहा है। इससे विशेषकर ग्रामीण इलाकों में स्थिर व मजबूत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

प्रो. चन्द्र कुमार ने अधिकारियों से चालू वित्त वर्ष की प्राथमिकताओं के अनुसार विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं तय समयसीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाएं।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों से फील्ड में सक्रिय रहने, कार्यों की नियमित निगरानी करने और जनता के साथ सीधा संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनसेवा है और विभागों को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जनता को मूलभूत सुविधाएं बिना किसी बाधा के मिलत रहें।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!