भारतीय सेना के शौर्य का राजनीतिक लाभ लेने की कुचेष्टा कर रही भाजपा : संजीव गुलेरिया 

नेरचौक, 17 मई प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के शौर्य का राजनीतिक लाभ लेने की कुचेष्टा मात्र है। संजीव गुलेरिया ने कहा कि जो पार्टी अपने मुख्यालय तक में तिरंगा लगाने में हिचकचाती रही हो, उसके द्वारा इस तरह के प्रपंच करना केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के पूर्व से ही इस विचारधारा के लोग तिरंगे का विरोध करते आए हैं। आजादी के बाद भी दशकों तक संघ मुख्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के सफल संचालन से हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा किया है। अब भाजपा अपने केंद्रीय नेतृत्व की कूटनीतिक नाकामियां तथा कमजोर निर्णय क्षमता को छिपाने के लिए इस तरह की यात्राएं आयोजित कर सेना के कार्यों का भी राजनीतिकरण करने में जुटी है। यह न केवल शर्मनाक है अपितु एक स्वस्थ परंपरा भी नहीं कही जा सकती है। 

उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में भाजपा के कई मंत्री एवं जिम्मेदार पदों पर बैठे अन्य लोगों ने सेना के शौर्य को बढ़ाने वाले हमारे सैन्य अधिकारियों के बारे में भी निम्न स्तर की बयानबाजी की है जो कि अत्यंत निंदनीय है। भाजपा को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करनी चाहिए।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!