जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों को सरल, सुगम व सुव्यवस्थित सुविधाएं प्रदान करने का उद्धारण है ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम – जगत सिंह नेगी

प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर के समस्त लोगों को उनके घर-द्वार पर सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से लाभान्वित करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर जिला के लोगों को सरल, सुगम व सुव्यवस्थित सुविधाएं प्रदान करने का अतुलनीय उद्धारण है ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह बात आज किन्नौर जिला की ग्राम पंचायत सांगला के कला मंच में आयोजित किए गए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।

राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के महत्वकांक्षी कार्यक्रम ‘सरकार गांव के द्वार’ के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न नीतियों व योजनाओं से अवगत करवाना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ प्रदान करने के मद्देनजर इस कार्यक्रम को पूरे प्रदेश सहित किन्नौर जिला में भी आरंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जहां लोगों को विभिन्न विभागों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं को प्रदान कर, उन्हें लाभान्वित करना है वहीं उनकी समस्याओं का भी मौके पर समाधान सुनिश्चित कर उन्हें चिंता रहित और बेहतर जीवनचर्या प्रदान करना है।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर सांगला, बटसेरी, रक्छम व छितकुल पंचायत में कार्यान्वित मल निकासी योजनाओं को पूर्ण करने का आश्वासन दिया ताकि स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय व सीमावर्ती क्षेत्र जैसे शिपकिला व छितकुल में पर्यटन गतिविधियों को आरम्भ करने जा रही है ताकि पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आर्थिकी को संबल प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में गुणात्मक शिक्षा व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने ग्राम पंचायत सांगला व आस-पास की विभिन्न पंचायतों के लोगों की जन-समस्याएं सुनीं तथा शिकायतों से संबंधित विभाग के अधिकारी को समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राप्त हुई अन्य मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनियां लगाई गई तथा आम जनता को विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न नीतियों व योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। राजस्व मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेगा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 110 लोगों का निःशुल्क उपचार किया गया तथा निःशुल्क दवाईयां वितरित की गई। इसके अलावा आयुष विभाग द्वारा भी मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 130 लोगों का निःशुल्क उपचार किया गया व दवाईयां वितरित की गई। इस दौरान राजस्व व अन्य विभागों से जारी होने वाले प्रमाण-पत्र भी मौके पर लोगों को जारी किए गए।
आयोजित कार्यक्रम में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 29 शिकायतों का मौके पर निपटान किया गया तथा शेष शिकायतों का शीघ्र निपटान करने के संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर के अध्यक्ष उमेश नेगी, वन मंडलाधिकारी अरविंद कुमार, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचरास, जिला परिषद सदस्य हितेष नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सोनम नेगी, अधिवक्ता प्रताप नेगी, खंड विकास अधिकारी कल्पा अमीर पाल नेगी, जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा,अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण आनंद शर्मा, उप निदेशक उच्चतर शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा, उप निदेशक उद्यान भूपेंद्र नेगी, सांगला वैली के पंचायत जन प्रतिनिधि व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!