80 वर्षीय महिला ने बेटे की प्रताड़ना से दुखी होकर पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार मानसिक प्रताड़ना और पेंशन की राशि हड़पने का लगाया आरोप

हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश – जिला हमीरपुर की तहसील चमनेड के गांव बलयूट निवासी 80 वर्षीय विधवा श्रीमती ज्ञानी देवी ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर से मिलकर अपने बेटे और बहू द्वारा की जा रही प्रताड़ना के विरुद्ध न्याय की गुहार लगाई है।

 

श्रीमती ज्ञानी देवी ने बताया कि उन्होंने और उनके दिवंगत पति ने दो कमरों का एक छोटा सा मकान बनाया था। वर्तमान में केवल एक कमरा ही उनके पास है, जबकि दूसरा कमरा उनके बेटे श्री दीन बन्धु और बहू श्रीमती लता देवी के कब्जे में है। पीड़िता का आरोप है कि बेटा-बहू अब उनके एकमात्र कमरे पर भी कब्जा करना चाहते हैं और उन्हें प्रतिदिन गाली-गलौच व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

 

उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था के चलते वह कहीं और जाने या नया मकान बनाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्हें सरकार की ओर से पेंशन मिलती है, लेकिन उनका आरोप है कि बेटे दीन बन्धु ने पेंशन की जमा राशि में से 1.5 लाख रुपये भी हड़प लिए हैं।

 

श्रीमती ज्ञानी देवी ने निवेदन किया कि उनके बेटे और बहू के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए ताकि उन्हें गाली-गलौच और मानसिक उत्पीड़न से राहत मिल सके। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने शिकायत को थाना सदर हमीरपुर को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!