ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस जय हिंद सभा करने जा रही है आयोजन 

 देशभर में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर बीजेपी तिरंगा यात्रा निकाल रही है. ऐसे में अब कांग्रेस भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस जय हिंद सभा का आयोजन कर रही है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी 30 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत वीर सैनिकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन करेगी. यह कार्यक्रम पीटरहॉफ होटल में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा.

 

इसको लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने मीडिया से बातचीत की. चेतन चौहान ने कहा कि 30 मई को शिमला के पीटरहॉफ में जय हिंद सभा का आयोजन किया जा रहा है. इस सभा का आयोजन ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के सैनिकों के सम्मान में होगा. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर ऑपरेशन सिंदूर को राजनीतिक रंग देने और इसके जरिए वोट बटोरने का आरोप लगाया.

 

‘शिमला में जय हिंद सभा का विशेष महत्व’

 

चेतन चौहान ने कहा कि 1971 में शिमला समझौते में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान से सरेंडर करवाया था. इसलिए शिमला में जय हिंद सभा का आयोजन विशेष है. इस आयोजन की ये भी वजह है कि भाजपा ऑपरेशन सिंदूर को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है. भाजपा ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर देश के सैन्य बलों के पराक्रम का अपमान कर रही है.

 

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सार्वजनिक मंचों से सैन्य अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर उनका अपमान कर रहें हैं. उन नेताओं पर न तो भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन नेताओं की जुबान पर कोई लगाम लगा रहें है. मध्यप्रदेश का एक भाजपा नेता कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ टिप्पणी करता है, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती. भाजपा ऑपरेशन सिंदूर को वोट बटोरने के लिए इस्तेमाल कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!