सरनाहुली पराशर मेला 14 से 16 जून तक

जिला स्तरीय सरनाहुली पराशर मेला 14 से 16 जून तक आयोजित किया जायेगा। यह जानकारी एसडीएम मंडी सदर रुपेन्द्र कौर ने वीरवार को इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धार्मिक आस्था के प्रतीक इस मेले में आने-जाने वाले श्रद्वालुओं की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को दुकान में कूड़ादान लगाना भी आवश्यक होगा। मेले के दौरान पूर्ण शराबबंदी रहेगी तथा किसी भी प्रकार के नशे पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में पुलिस विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जायेगा। किसी भी स्थिति में लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग को पेयजल की बेहतर सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति तथा शौचालयों की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की बसों का इंतजाम किया जायेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जहां आवश्यक हो, वहां पर सड़कों की मरम्मत करें ताकि आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस विभाग को मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया।

बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ0 दिनेश ठाकुर, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैणी, श्रम अधिकारी भावना शर्मा, वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता, विद्युत राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!