संभावित भूकंप से बचाव की तैयारियों पर 06 जून को होगा वृहद पूर्वाभ्यास, तैयारियां पूरी- उपायुक्त

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि 06 जून, 2025 को भूकंप जैसी आपदा से निपटने के लिए आयोजित किए जा रहे वृहद पूर्वाभ्यास (मैगा मॉक ड्रिल) की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय सहित विभिन्न उपमंडलों में यह पूर्वाभ्यास किया जाएगा।

 

मंडी जिला मुख्यालय में क्षेत्रीय अस्पताल मंडी व इंदिरा मार्केट परिसर, बालीचौकी में टैक्सी स्टैंड के समीप, जोगिंदर नगर में बस्सी पावर हाउस, पधर में नारला, बल्ह में उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय तथा सुंदरनगर में बीएसएनएल कार्यालय एवं आवासीय परिसर में संभावित भूकंप के कारण उत्पन्न विभिन्न परिस्थितियों के दृष्टिगत राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। यह पूर्वाभ्यास प्रातःकाल से शुरू होकर दोपहर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इसकी निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।

 

इसके अतिरिक्त अन्य उपमंडलों में भी संबंधित एसडीएम के माध्यम से यह पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसके तहत धर्मपुर में सोनखड्ड, करसोग में डिग्री कॉलेज, थुनाग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कोटली में डिग्री कॉलेज, सरकाघाट में गौंटा गांव, गोहर में उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में यह पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा।

 

उपायुक्त ने इस पूर्वाभ्यास के दौरान सभी लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की परख होती है, वहीं आपदा प्रबंधन में संलग्न लोगों के साथ ही आम जनता को भी जागरूक करने में मदद मिलती है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!