सभी संबंधित विभाग मौसमी रोगों से लोगों की स्वास्थ्य रक्षा के लिए समुचित कदम उठाए: अपूर्व देवगन

बरसात के मौसम में जल भंडारण प्रणालियों के कारण पीने के पानी के दूषित होने से जल-जनित रोगों के फैलने की संभावना के दृष्टिगत जिला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत सभी संबंधित विभागों को मौसमी रोगों से लोगों की स्वास्थ्य रक्षा के लिए समुचित कदम उठाने के दिशानिर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बरसात के मौसम में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पानी की गुणवता की समय-समय पर जांच करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जल-जनित रोगों के अधिक मामले पाए जाते हैं, वहां पर विशेष टीम गठित कर इस रोग को रोकने के लिए समुचित उपाय करें।

जिला दंडाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह जल-जनित रोग के मामले सामने आने की स्थिति में इसकी सूचना जिला आपदा प्राधिकरण को देने के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में इन रोगों के अधिकतर मामले प्रकाश में आए, वहां पर स्वास्थ्य टीम को तैनात कर इस रोग पर नियंत्रण पाने के लिए जरूरी कदम उठाएं।

उन्होंने उच्च तथा प्रारम्भिक शिक्षा उप-निदेशक को जिला के सभी राजकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में जल भंडारण टैंकों की साफ-सफाई करने के लिए स्कूल प्रबंधन को समुचित कदम उठाने के निर्देश दें तथा बच्चों को जल-जनित रोगों से बचाव के बारे में जागरूक करें। उन्होंने जिला के सभी शहरी निकायों के कार्यकारी अधिकारियों व सचिवों को भी अपने कार्यक्षेत्र में समय-समय पर जल स्त्रोतों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने जिला ग्रामीण विकास अभिकरण विभाग को सभी खंड विकास अधिकारियों के सहयोग से पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जल-जनित रोगों से बचाव के लिए उठाए जाने वाले एहतियाती कदमों के बारे में जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने पथ परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि वह सभी बस अड्डों में जल भंडारण टैंको की साफ-सफाई रखना सुनिश्चित करें।

अपूर्व देवगन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जिला के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिला के सभी एसडीएम को बरसात के मौसम में फैलने वाले जल जनित रोगों की रोकथाम तथा इसके लिए बरती जा रही सावधानियों पर निगरानी रखने को कहा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!