15 से 17 अगस्त तक मनाया जाएगा राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

नूरपुर, 19 जून। राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष 15 से 17 अगस्त तक नूरपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री बृजराज स्वामी मंदिर में मनाए जाने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज एसडीएम अरुण शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

एसडीएम ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि नूरपुर का ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर श्रद्धा और आस्था का केंद्र है,जहाँ जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

एसडीएम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, जलापूर्ति, सफाई, अग्निशमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने आशा जताई कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करते हुए इस आयोजन को भव्य व सफल बनाएंगे। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।

बैठक में तहसीलदार राधिका सैनी,नायब तहसीलदार गगन सिंह, बिजली बोर्ड के एसडीओ भूपिंदर सिंह,ईओ इंडसट्रीज़ अर्जुन वर्मा,खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार,मंदिर कमेटी के प्रधान दविंदर शर्मा,सदस्य सुनिल पिंटू,नरेंद्र शर्मा तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!