सीआरपीएफ जवान की विधवा से 15 लाख की ठगी

उपमंडल भोरंज के लठवांण गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दिवंगत जवान अजय कुमार की विधवा पूनम से उनकी ही ननद द्वारा 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूनम ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनके पति अजय कुमार का निधन वर्ष 2023 में हुआ था। इसके बाद सरकार की ओर से अंतिम सैलरी व अन्य लाभों के रूप में ₹15 लाख की राशि उनके बैंक खाते में जमा हुई थी। आरोप है कि इस धनराशि पर उनकी ननद की नज़र थी।
पूनम के अनुसार, आरोपी ननद ने फर्जी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षरों की मदद से बैंक में दर्ज मोबाइल नंबर को बदलवा लिया। इसके बाद नेट बैंकिंग के जरिए खाते से पूरी राशि निकाल ली गई।
भोरंज थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 467 (महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के इरादे से जालसाजी) और 471 (जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने डिजिटल सबूतों और बैंक रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!