खंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित

एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी की अध्यक्षता में आज खंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बाल विकास परियोजना सदर में किए जा रहे पोषण अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निरोधक अधिनियम तथा मनरेगा के तहत निर्मित हो रहे आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई।

एसडीएम ने बताया कि बाल विकास परियोजना सदर में संचालित 479 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6 माह से 3 वर्ष तक के 5767 बच्चों तथा 1994 गर्भवती व धात्री माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में बेटी है अनमोल योजना के तहत 63, मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 99, मुख्यमंत्री सुखआश्रय योजना के तहत 51 तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 22 मामले स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत अब तक 617 मामले प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 513 लाभार्थियों को लाभ प्राप्त हो रहा है।

बैठक में पोषण अभियान तथा बेटी बचाओ, बेटी पढाओ योजना के तहत की जा रही विभिन्न गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर जितेन्द्र सैणी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा बाल विकास परियोजना सदर के तहत किए जा रहे कार्यो की जानकारी प्रदान की।

बैठक में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल शक्ति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!