मंदिर में अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर की आत्महत्या 

मंडी जिला के गोहर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली दुगराई बासा पंचायत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पंचायत की रहने वाली दीक्षा देवी पत्नी सुनील कुमार ने स्यांज क्षेत्र के काढ़ी धार में स्थित चामुंडा माता मंदिर में अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मंदिर सड़क किनारे स्थित है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय कुछ लोग जब अपने वाहनों से मंदिर के पास से गुजर रहे थे तो उन्होंने देखा कि एक महिला मंदिर की छत से लटकी हुई है। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस थाना गोहर को दी। मामले की सूचना मिलते ही गोहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गोहर भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने सभी संभावित कोणों से जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार दीक्षा देवी बीते कुछ महीनों से अपने मायके स्यांज क्षेत्र के ग्वाड़ गांव में रह रही थी। उसका ससुराल बासा में स्थित है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कुछ माह पूर्व दीक्षा देवी कुछ दिनों तक लापता भी रही थी। उस समय उसके ससुराल वालों ने गोहर पुलिस थाना में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। बाद में वह बासा क्षेत्र में ही वह सुरक्षित मिल गई थी।

 

फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के कारणों का कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। गोहर पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!