ठगी करने के मामले में लोकल न्यूज़ पोर्टल संचालक को पुलिस कर सकती है तलब: सदर पुलिस ने ठगी के आरोपी को किया गिरफ्तार,

पवन धीमान, हमीरपुर

सदर पुलिस और पी.ओ. सैल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठे थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

*नौकरी के नाम पर फर्जी विज्ञापन, लोगों से ऐंठे लाखों रुपये*

आरोपी विकास कुमार (पुत्र राम गोपाल शर्मा), निवासी टाव, तहसील बल्ह, जिला मंडी, ने वर्ष 2023 में बमसन क्षेत्र के एक स्थानीय न्यूज़ पोर्टल पर सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती का फर्जी विज्ञापन प्रकाशित करवाया था। इस विज्ञापन के जरिए उसने करीब 3 दर्जन से अधिक लोगों को नौकरी का झांसा देकर हर आवेदनकर्ता से 2500 रुपये वर्दी सिलाई के नाम पर वसूले। जब पीड़ितों को धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

 

*पुलिस की लंबी छानबीन के बाद नालागढ़ से हुई गिरफ्तारी*

सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए नालागढ़ में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। सदर पुलिस लंबे समय से उसे तलाश कर रही थी। अंततः संयुक्त कार्रवाई के बाद उसे नालागढ़ से पकड़ा गया। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

 

*न्यूज़ पोर्टल संचालक पर भी मंडराया संकट*

इस मामले में स्थानीय न्यूज़ पोर्टल के संचालक पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने करीब 3 महीने पहले भी पोर्टल संचालक को तलब कर पूछताछ की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पोर्टल संचालक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

 

*एस.एच.ओ. ने की मामले की पुष्टि*

सदर पुलिस के एस.एच.ओ. यादेश ठाकुर ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है और पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आगे की जांच जारी है।

 

पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध विज्ञापन या नौकरी के ऑफर पर सावधानी बरतने की सलाह दी है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!