नशा मुक्ति अभियान में बड़ी कामयाबी: पुलिस ने गुप्त सूचना पर की नाकाबंदी, चिट्टा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

जाहू पुलिस चौकी की टीम ने नशा मुक्ति के अपने अभियान में आज एक बड़ी और शानदार सफलता हासिल की है। एक गुप्त सूचना के आधार की गई स्टिंग ऑपरेशन में पुलिस ने 11.4 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करते हुए दो संदिग्धों को धर दबोचा है। यह कार्यवाही पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना तंत्र की मजबूती का बेहतरीन उदाहरण है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, जाहू चौकी प्रभारी एएसआई फिरोज अख्तर को एक विश्वसनीय सूत्र से जानकारी मिली कि एक कार के जरिए नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसआई अख्तर ने तुरंत अपनी टीम गठित की और रणनीति बनाकर संदिग्ध वाहन पर नाकाबंदी के लिए पहले से ही मुस्तैदी से तैनात हो गए।

थोड़ी ही देर बाद संदिग्ध कार (नंबर: HP-20D-4773) नजर आई। पुलिस टीम ने सख्ती से उसे रोका और उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार के डैशबोर्ड में छुपाकर रखे गए 11.4 ग्राम चिट्टा/हेरोइन पुलिस के हाथ लगा, जिसका बाजारी मूल्य लगभग सवा दस लाख रुपये आंका जा रहा है।

 

गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अवतार भाटिया (चालक), पुत्र श्री जगजीत, निवासी मनोह, तथा पंकज कुमार, पुत्र श्री भाग सिंह, निवासी बस्सी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई।

 

 

इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25, 29 व 61-85 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह युवाओं को नशे के जाल में फंसाने का काम कर रहा था और इस गिरफ्तारी से जिले के नशा तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ा आघात लगा है।

 

जाहू चौकी प्रभारी एएसआई फिरोज अख्तर ने बताया, “यह हमारी टीम की सामूहिक सफलता है। हम युवाओं को नशे की भयावह दुनिया से बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाज़ किया जाएगा।”

 

पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है ताकि इस मामले के सभी जुड़े लोगों को पकड़ा जा सके और नशे की इस सप्लाई चेन को पूरी तरह से तोड़ा जा सके।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!