पवन धीमान, हमीरपुर
भारी बारिश ने एक परिवार की छत छीन ली। वार्ड नंबर 7 की कुड़ाना (SC) बस्ती में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण एक आवासीय मकान पूरी तरह से ढह गया, जिससे मकान मालिक होशियार सिंह को लाखों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना आज दिनांक 22 अगस्त, 2025 की है, जब लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने श्री होशियार सिंह (पिता: श्री जुल्फी राम) के मकान की नींव हिला दी। देखते ही देखते पूरा मकान जमींदोज हो गया और परिवार का सारा सामान मलबे के नीचे दब गया।
इस घटना से परिवार में दहशत और आर्थिक तबाही का माहौल है। मकान मालिक होशियार सिंह ने बताया कि उनका पूरा जीवनभर का बचाया हुआ सामान और आवास इस एक हादसे में नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और मदद की अपील की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मकान पहले ही गिर चुका था। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। हादसे के बाद परिवार बेघर हो गया है और पड़ोसियों के सहारे है।
स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह तुरंत इस परिवार का आकलन कर उचित मुआवजा और राहत कार्य प्रदान करे।
