पवन धीमान, हमीरपुर
झमाझम बारिश के बीच भी व्यापारियों के जज्बे ने इतिहास रच दिया। रविवार को बायपास रोड पर व्यापार मंडल हमीरपुर के पहले जिला स्तरीय सम्मेलन ने जबर्दस्त सफलता का परचम लहराया। जिले भर के सैकड़ों व्यापारियों और करीब 20 विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक आयोजन में शिरकत कर एक नए युग की शुरुआत की।

इस सम्मेलन ने उन सभी आशंकाओं को गलत साबित कर दिया, जो संगठन के गठन के समय उठाए गए थे। अध्यक्ष सुमित ठाकुर की टीम की कड़ी मेहनत रंग लाई, जिसने पूरे जिले के व्यापारियों को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
समारोह के मुख्य अतिथि और प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारी अविनाश धवन ने इस भव्य जनसमूह को देखकर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा, “हिमाचल में मैंने पहली बार इतनी बड़ी संख्या में व्यापारियों को एक साथ देखा है। यह इस वर्ग के लिए एक शुभ संकेत है।”
*ऑनलाइन व्यापार के खिलाफ उठी एकजुट आवाज*
श्री धवन ने अपने संबोधन में ऑनलाइन व्यापार को व्यापारी वर्ग के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा, “ऑनलाइन सिस्टम ने सभी का धंधा चौपट करने का सिलसिला शुरू कर दिया है, जो हमारे हित में नहीं है। अब समय आ गया है कि सभी व्यापारी एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ें।”
उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि व्यापार मंडल लगातार इस मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “यदि इस मुद्दे पर जल्द कोई ठोस हल नहीं निकला, तो व्यापार मंडल सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी नहीं हिचकेगा। हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर संघर्ष के लिए तैयार हैं।”
इस ऐतिहासिक सम्मेलन ने हमीरपुर के व्यापारिक समुदाय को एक नई दिशा और एकजुटता की नई भावना दी है, जो भविष्य में आने वाली चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए दृढ़संकल्पित है।
