हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पर महिला प्रशिक्षुओं संग छेड़छाड़ का संगीन आरोप – विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल बोले, सुक्खू सरकार दोषियों को दे रही है संरक्षण

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में महिला प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप सामने आने से प्रदेशभर में हड़कंप मच गया है। यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यही अधिकारी टांडा और चंबा मेडिकल कॉलेज में ऐसी ही हरकतों और विवादित कार्यशैली को लेकर चर्चा में रहा है। बावजूद इसके, इस अधिकारी को लगातार एक्सटेंशन देकर महत्वपूर्ण पद पर बनाए रखना सीधा-सीधा सरकार की मिलीभगत और संरक्षण को दर्शाता है।

 

शिकायत की गूंज अब शिमला तक पहुँच चुकी है। दबाव बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग को मजबूरी में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करनी पड़ी, लेकिन जब तक आरोपी प्रिंसिपल पद पर बना रहेगा, तब तक जांच निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं हो सकती।

 

 

 

विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल का तीखा हमला

 

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा –

 

👉 “जब टांडा और चंबा मेडिकल कॉलेज में इस अधिकारी पर संगीन आरोप लग चुके थे, तब भी इसे बार-बार एक्सटेंशन क्यों दी गई? आखिर मुख्यमंत्री को इस अधिकारी से क्या फायदा है? यह साफ है कि सुक्खू सरकार की शह और मिलीभगत के बिना ऐसे लोगों को संरक्षण मिलना संभव ही नहीं है।”

 

उन्होंने आगे कहा कि सरकार बार-बार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस सरकार महिला सुरक्षा के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। दोषी अधिकारी खुलेआम संरक्षण पा रहे हैं और पीड़िताओं को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

 

 

भ्रष्टाचार और अनैतिकता का अड्डा बनता जा रहा मेडिकल कॉलेज

 

लखनपाल ने कहा कि आरोपी अधिकारी पर केवल छेड़छाड़ ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप पहले से लगे हुए हैं।

सरकार ने एक ऐसे व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज की कमान सौंप दी है, जो न केवल महिला प्रशिक्षुओं के साथ अनुचित व्यवहार करता है, बल्कि भ्रष्टाचार में भी गले तक डूबा हुआ है। इससे साबित होता है कि सुक्खू सरकार प्रदेश के मेडिकल संस्थानों को भी लूट और अनैतिकता का अड्डा बनाने पर तुली हुई है।”

भाजपा की चेतावनी – सड़क से सदन तक संघर्ष

 

विधायक लखनपाल ने कहा कि भाजपा इस मामले को इतनी आसानी से दबने नहीं देगी।

“जब तक आरोपी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड नहीं किया जाता और निष्पक्ष जांच शुरू नहीं होती, तब तक भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। यदि सरकार ने दोषियों को बचाने का प्रयास किया, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी और जनता की आवाज़ बुलंद करेगी।”

 

उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और दोषियों को हर हाल में सज़ा दिलवाकर रहेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!