बालीचौकी की सभी उचित मूल्य दुकानों तक अगस्त माह का राशन पहुंचा सितम्बर माह की आपूर्ति भी शुरू, अगले सप्ताह तक पूरा होगा कार्य

जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक बिजेन्द्र सिंह पठानिया ने बताया कि बालीचौकी उपमंडल की सभी उचित मूल्य दुकानों तक अगस्त माह का राशन पहुंचा दिया गया है तथा सितंबर माह की खाद्यान्न आपूर्ति भी आरंभ कर दी गई है। अब तक 35 प्रतिशत से अधिक खाद्यान्न डिपुओं तक पहुंचाया जा चुका है और अगले सप्ताह तक सभी डिपुओं में खाद्यान्न उपलब्ध हो जाएगा।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था
उन्होंने बताया कि आपदा से सबसे अधिक प्रभावित कांढा क्षेत्र, जहां पैदल चलना भी कठिन था, वहां प्रशासन ने तार स्पैन के माध्यम से राशन पहुंचाने की व्यवस्था की। बुधवार को कांढा में 10 क्विंटल चावल, 24 क्विंटल आटा, 3.75 क्विंटल मलका दाल और 360 लीटर रिफांइड तेल उपलब्ध करवाया गया। इससे पूर्व मंगलवार को 20 क्विंटल खाद्यान्न पहुंचाया गया था जबकि वीरवार को 25 क्विंटल खाद्यान्न भेजा जाएगा।

दूरदराज की पंचायतों को मिला अग्रिम राशन
खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जून, जुलाई और अगस्त माह का अग्रिम राशन पहले ही दूरदराज की पंचायतों को उपलब्ध करवा दिया गया था। अब इन क्षेत्रों में सितंबर माह का राशन भेजा जा रहा है।

वैकल्पिक मार्गों से निरंतर आपूर्ति
मुख्य सड़कों के बाधित होने की स्थिति में खौली, ठकाधार, जुफ़रकोट, घाट, थाची, खल्वान, मणी-बसुंगी, मुराह और काउ की उचित मूल्य दुकानों पर खच्चरों, पोर्टरों और वैकल्पिक मार्गों के जरिए खाद्यान सामग्री पहुंचाई गई। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी निरंतर जारी है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!