नायक सुशील कुमार का ड्यूटी के दौरान चक्कर आने से देहांत

हमीरपुर।

जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत देई का नोण के गांव पनियाला से संबंध रखने वाले नायक सुशील कुमार का ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने से निधन हो गया। यह दुखद घटना सोमवार सुबह सहजाबाद (उत्तर प्रदेश) में घटी, जहां वे भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग चार बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया। उनके साथी जवानों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कमांडो अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सोमवार शाम करीब सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

नायक सुशील कुमार के निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि वह एक मेहनती, अनुशासित और देशभक्त सैनिक थे, जिन्होंने हमेशा देश सेवा को सर्वोपरि रखा। उनकी इस अचानक हुई मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

परिवार के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर बुधवार को दोपहर तक उनके पैतृक गांव पनियाला पहुंचेगा। सेना प्रशासन की ओर से बताया गया कि पार्थिव शरीर को लखनऊ से चंडीगढ़ विमान के माध्यम से लाया जाएगा, जिसके बाद एंबुलेंस द्वारा चंडीगढ़ से हमीरपुर होते हुए उनके गांव पहुंचाया जाएगा। गांव में अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

स्व. सुशील कुमार अपने पीछे परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा आठवीं कक्षा में तथा बेटी छठी कक्षा में अध्ययनरत है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आस-पास के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

स्व. सुशील कुमार के बड़े भाई तिलक राणा ने जानकारी दी कि सेना प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और बुधवार को पार्थिव शरीर गांव पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सुशील कुमार हमेशा अपने परिवार और साथियों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।

देश की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले नायक सुशील कुमार को ग्रामीणों ने नमन करते हुए कहा कि उनका योगदान और देशभक्ति हमेशा याद रखी जाएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!