भोरंज पुलिस का बड़ा एक्शन: नशा रोकथाम के लिए चलाया गया विशेष अभियान, कई दुकानों की ली गई तलाशी

भोरंज पुलिस ने आज क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और मादक पदार्थों की तस्करी व उपलब्धता रोकने के लिए एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई की।

 

अभियान के तहत, सीपीयू क्षेत्र के गाँव टिक्कर व डाकघर खरवार क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों के आस-पास की व्यावसायिक दुकानों की तलाशी ली गई। इसी क्रम में, भकरेड़ी क्षेत्र में आईटीआई के समीप स्थित करियाना, स्टेशनरी व नमकीन की दुकानों की भी विस्तृत जाँच की गई।

 

गौरतलब है कि सभी कार्रवाइयाँ पूर्णतः पारदर्शी तरीके से, स्वतंत्र गवाहों, ग्राम प्रतिनिधियों और दुकानदारों की मौजूदगी में संपन्न कराई गईं। हालाँकि, इस दौरान किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ या अन्य संदिग्ध सामग्री नहीं बरामद हुई। पुलिस द्वारा सभी घटनास्थलों का फोटो व वीडियोग्राफी के माध्यम से दस्तावेजीकरण भी किया गया है।

 

इस अभियान के माध्यम से भोरंज पुलिस ने नशामुक्ति के प्रति अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को एक बार फिर दोहराया है और साबित किया है कि वह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति गंभीर है।

 

 

भोरंज पुलिस ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उन्हें कहीं भी नशे की तस्करी, सेवन या कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो वे तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी थाने/चौकी को इसकी सूचना दें। ऐसी सूचनाओं को पूर्णतः गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!