क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बोले जनसेवक सुशील ठाकुर जय पीतांबरा गारमेंट एवं युवक मंडल कर रहा प्रतियोगिता आयोजित नशे के खिलाफ क्रिकेट प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगी 36 टीमें

हमीरपुर – घातक नशे से समाज को बचाने की चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में युवाओं का साथ सोने पर सुहागा है। यदि युवा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत रहेगा तो निश्चित तौर पर यह कुरीति समाज से समाप्त हो जाएगी। यदि युवा नशे की तरफ नहीं जाएगा तो नशे की आपूर्ति करने वाले खुद ही घुटने टेक देंगे। इसलिए हमें स्वयं का आत्मबल मजबूत करने की आवश्यकता है। यह बात जनसेवक एवं ऊखली पंचायत के उप प्रधान सुशील ठाकुर ने शनिवार को जय पीतांबरा गारमेंट एवं युवक मंडल लाहड़ द्वारा डुग्घा में शुरू किए गए क्रिकेट टूर्नामेंट में कही। बतौर मुख्यातिथि प्रतियोगिता में पहुंचे सुशील ठाकुर ने युवक मंडल के इस प्रयास की जमकर सराहना की। युवक मंडल नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है।

जय पीतांबरा गारमेंट एवं युवक मंडल लाहड़ द्वारा शनिवार को जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में कोई भी प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है तथा इस्तेमाल के लिए क्रिकेट सामग्री भी आयोजकों की तरफ से ही उपलब्ध करवाई जा रही है।

इस प्रतियोगिता में जिला भर से 36 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के विजेता को 11 हजार तथा उपविजेता को 8100 रुपए की इनामी राशि प्रदान की जाएगी। शनिवार को भी प्रतियोगिता के काफी मुकाबले खेले गए। क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर काफी संख्या में युवा शक्ति मौजूद रही। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता को आयोजित करने का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना तथा खेलों का महत्व समझाना है। मुख्यातिथि सुशील ठाकुर ने आयोजकों के इस कार्य की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि निशुल्क प्रवेश तथा इस्तेमाल के लिए खेल सामग्री आयोजकों की तरफ से उपलब्ध करवाना प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि यदि युवा इसी तरह नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाएगा तो वह दिन दूर नहीं जब समाज से घातक नशे का अंत हो जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों के सहयोग से नशा निवारण मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम का लक्ष्य भी समाज को नशे से मुक्त कर युवाओं को भविष्य की सही दिशा में ले जाना है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!