क्रिकेट मैच देखने पहुंचे बच्चों ने एक स्वर में कहा, थैंक्स सुक्खू जी

हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर अपने संवेदनशील नेतृत्व का परिचय दिया है। धर्मशाला के सराह क्षेत्र स्थित टोंग लेन स्कूल में अध्ययनरत झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले 160 बच्चों को आज भारत एवं दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखने का अवसर मिला। यह अवसर मुख्यमंत्री द्वारा अपने हालिया धर्मशाला दौरे के दौरान इन बच्चों से किए गए वायदे के अनुरूप प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री के इस अत्यंत भावनात्मक प्रयास ने इन बच्चों के चेहरों पर बड़ी मुस्कान ला दी। सीमित संसाधनों में जीवन यापन करने वाले इन बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को स्टेडियम में बैठकर देखना किसी सपने के साकार होने जैसा था। मैच के दौरान बच्चों में उत्साह, उमंग और खुशी साफ झलक रही थी।

बच्चों ने एक स्वर में  मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार इस तरह का बड़ा आयोजन नजदीक से देखा है, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने भी मुख्यमंत्री के इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज के वंचित वर्ग के बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब टोंग लेन के बच्चे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट मैच देखने आये हैं।

 

सुबह की सैर करते पहुंचे थे सीएम

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में धर्मशाला में आयोजित शीतकालीन सत्र के दौरान सुबह की सैर के समय टोंग लेन संस्था के हास्टल का दौरा किया था और वहां बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें क्रिकेट मैच दिखाने का वायदा किया था। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह वायदा पूरा हुआ है।

 

मजदूर परिवार के बच्चों को भाये सीएम

 

धर्मशाला और आसपास की झुग्गियों में बाहरी राज्यों से आए मजदूर परिवार रहते हैं जो दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। इनके कई बच्चे स्कूल जाने की बजाय शहर में भीख मांगने जैसे हालातों में फंस जाते हैं। ऐसे बच्चे अब टोंग लेन शिक्षा हासिल कर अपना भविष्य संवार रहे हैं और इनके सपनों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंख लगा दिए हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!