युवा नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम: नितिन नबीन को भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर अनुराग, प्रो. धूमल ने दी बधाई

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने और उन्हें निर्णायक भूमिकाएँ देने के सदा पैरोकार रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाना, प्रधानमंत्री मोदी की उसी दूरदर्शी सोच और युवा-केन्द्रित नीति का सशक्त प्रमाण है।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि नितिन नबीन ने संगठन और सरकार- दोनों स्तरों पर अपनी कर्मठता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता से एक सशक्त पहचान बनाई है। बिहार की राजनीति में उनका सक्रिय और प्रभावी योगदान, संगठनात्मक दक्षता तथा विकासोन्मुख दृष्टि उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पूरी तरह योग्य बनाती है। सबसे कम उम्र के भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्षों में स्थान बनाना उनकी क्षमता और पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है।

 

अनुराग ठाकुर ने नितिन नबीन को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को नई गति मिलेगी।

 

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि नितिन नबीन का भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन, संगठन की युवा नेतृत्व पर मजबूत आस्था और दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने कम उम्र में संगठन, विचारधारा और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर यह सिद्ध किया है कि वे बड़ी जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाने में सक्षम हैं। प्रो. धूमल ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और अधिक गति देगी तथा पार्टी संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।

 

वहीँ भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना संगठन के लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की कार्यशैली परिणामोन्मुख, संवाद आधारित और समावेशी रही है, जिसका लाभ पार्टी को आगामी समय में स्पष्ट रूप से मिलेगा। उनका जमीनी अनुभव और संगठन के हर स्तर की समझ भाजपा को बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक सुदृढ़ करेगी। राकेश ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी युवाओं, महिलाओं और नए कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ते हुए भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेगी।

 

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!