नागचला हनुमान मंदिर के पास फोरलेन पर भीषण टक्कर, बाइक सवार दो युवक घायल—एक की हालत गंभीर..

सुंदरनगर | किरतपुर–नेरचौक फोरलेन पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। नेरचौक के नागचला हनुमान मंदिर के समीप बाइक और कार की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर सुंदरनगर के डैहर-भंत्रेहड़ क्षेत्र से मनाली की ओर घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही वे नागचला हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, उनकी बाइक की एक कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को सड़क से उठाकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर पाई गई। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल युवक भारतीय सेना में अग्निवीर है और छुट्टी पर घर आया हुआ था। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। वहीं दूसरे घायल युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज नेरचौक अस्पताल में जारी है।

 

सूचना मिलते ही बल्ह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

 

इस दुर्घटना के बाद फोरलेन पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!