बीबीएन 18 दिसंबर कविता गौतम
गत शाम आवकारी विभाग, बद्दी को ग्राम बिलावली, बद्दी में एक दुकान तथा उससे संलग्न कमरे में अवैध शराब की बिक्री किए जाने संबंधी एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई।
उक्त सूचना के आधार पर उपायुक्त आवकारी, बद्दी द्वारा लालचंद चौहान, सहायक आयुक्त आवकारी, बद्दी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें ए एस टी ओ विकास कुमार, राजेश सिंह, पूनम परमार (आवकारी विभाग, बद्दी) तथा हेड कांस्टेबल व्यास देव, कांस्टेबल अमनदीप सिंह एवं कांस्टेबल उमेश कुमार को शामिल किया गया।
गठित टीम द्वारा बिलावली, बद्दी स्थित उक्त दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 2 पेटी अंग्रेजी शराब (चंडीगढ़ में बिक्री हेतु) तथा 1 पेटी देशी शराब (हिमाचल प्रदेश में बिक्री हेतु) अवैध रूप से पाई गई। दुकान के साथ लगे एक कमरे की भी तलाशी ली गई, जहाँ से आवकारी टीम द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब में 3 पेटी देशी शराब (हिमाचल प्रदेश में बिक्री हेतु) शामिल थीं। इसके अतिरिक्त अभियुक्त के कब्जे से चंडीगढ़ में बिक्री हेतु अंग्रेजी शराब की 32 बोतलें, 66 अध्धे तथा 80 पव्वे भी बरामद किए गए।अभियुक्त उपरोक्त बरामद शराब के संबंध में कोई भी वैध पास/परमिट मौके पर गठित टीम को प्रस्तुत नहीं कर पाया। एसिस्टेंट कमिश्नर एक्साइज़ एल सी चौहान ने बताया कि बाहरी राज्य की शराब पाए जाने के कारण टीम द्वारा पुलिस को सूचित किया गया तथा अभियुक्त के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1) के अंतर्गत FIR करवाई गई है।
