समाज सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही सनातन सेवा समिति भालत ने एक बार फिर अपने सेवा भाव से समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। समिति ने ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर और पीड़ादायक बीमारी से जूझ रही गांव जीहण, जिला बिलासपुर की एक महिला की सहायता के लिए आगे बढ़ते हुए ₹21,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
यह सहायता राशि पीड़िता के पति श्री सुनील कुमार को चेक के माध्यम से उनके निवास स्थान पर जाकर सौंपी गई। समिति के सदस्यों ने परिवार से मिलकर न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान किया, बल्कि उन्हें मानसिक और भावनात्मक संबल भी दिया। इस अवसर पर सनातन सेवा समिति भालत के समर्पित सदस्य श्री राजेश कुमार शर्मा, सन्नी शर्मा, विनोद भारद्वाज, उदय शर्मा एवं विजय कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समिति के सदस्यों ने बताया कि गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान परिवार पर आर्थिक बोझ के साथ-साथ मानसिक तनाव भी अत्यधिक बढ़ जाता है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची समाज सेवा है। इसी भावना के साथ समिति ने यह सहायता प्रदान की, ताकि उपचार में कुछ राहत मिल सके।
सनातन सेवा समिति भालत लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, निर्धन कन्याओं के विवाह, असहाय परिवारों की मदद तथा आपदा के समय राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है।
पीड़ित परिवार ने समिति के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समय में मिली यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ा सहारा साबित होगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सनातन सेवा समिति भालत के इस मानवीय कार्य की प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
समिति के सदस्यों ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी सनातन सेवा समिति भालत इसी प्रकार हर जरूरतमंद, असहाय और पीड़ित व्यक्ति की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी और समाज सेवा के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
समिति हर व्यक्ति का धन्यवाद करती है जो इसमें अपना सहयोग तन मन धन से दे रहा है।
