हमीरपुर – जिला की ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर में चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ युवाओं ने एकजुटता दिखाई है। जीवन में नशे का प्रयोग नहीं करेंगे इस संकल्प के साथ जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला भर से 22 टीमों ने भाग लिया। एक दिवसीय यह प्रतियोगिता काफी रोमांचक तरीके से खेली गई। इसमें प्रति टीम नौ खिलाड़ी शामिल रहे तथा चार ओवर की लिमिट रखी गई थी। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर के मुख्य अतिथि जनसेवक एवं ऊखली पंचायत के उपप्रधान सुशील ठाकुर रहे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर उन्होंने युवाओं को संबोधित किया। चिट्टे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जेसीए क्रिकेट क्लब के माध्यम से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उन्होंने आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यदि युवा इसी तरह नशे के खिलाफ सजगता दिखाएगा तो निश्चित तौर पर घातक नशे की कुरीति समाज से समाप्त हो जाएगी। सिंथेटिक नशे की चुनौती समाज के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। नशा रूपी कलंक को मिटाने के लिए युवाओं की जागरूकता बहुत जरूरी है।
उन्होंने इस दौरान संबोधित करते हुए कहा कि नशा निवारण मुहिम पिछले कई वर्षों से चलाई जा रही है जिसका हिस्सा समाज का प्रबुद्ध वर्ग व युवा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज चिट्टे जैसा घातक नशा समाज को खोखला करने का काम कर रहा है। आए दिन ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जिसमें चिट्टे जैसे घातक नशे के साथ लोगों को पुलिस द्वारा पकड़ा जा रहा है। नशे की प्रवृति के बढ़े मामले चिंता का विषय है। इसी को मद्देनजर रखते हुए नशा निवारण मुहिम की शुरूआत की गई है जो तब तक चलती रहेगी जब तक समाज चिट्टे के दुष्प्रभावों को पूरी तरह से नहीं समझ लेता। हमारा ध्येय समाज को नशामुक्त करना है, जिसमें युवाओं का साथ अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिता की विजेता का खिताब जेसीए क्रिकेट क्लब डिडवीं टिक्कर ने जीता है जिसे 11 हजार की इनामी राशि तथा विजेता ट्राफी प्रदान की गई। उपविजेता टौणीदेवी-09 रही, जिसे 7100 रुपए की इनामी राशि तथा ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
