प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों से लोग हो रहे लाभान्वित

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में डेलाइट द्वारा आयोजित ‘आरोहण – ग्रोथ विद इम्पैक्ट – गवर्नमेंट समिट’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को सुलभ सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे जनसेवाओं में दक्षता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में एक आदर्श सुशासन मॉडल को अपनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद और पात्र नागरिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान में तकनीक के उपयोग के महत्त्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में नवीनतम तकनीक का उपयोग कर विभिन्न सेवा प्रणालियों को आधुनिक बनाने और इनकी परिचालन क्षमता में सुधार करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
हिम परिवार परियोजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य राज्य के नागरिकों का सटीक डेटाबेस तैयार करना है, इससे विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि हिम परिवार पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही लोगों की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित होती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में की गई महत्त्वाकांक्षी पहलों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!