हमीरपुर – समृद्ध राष्ट्र और सशक्त समाज के लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। इसके लिए आवश्यक है कि युवा व्यायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। यदि युवा नियमित तौर पर एक्सरसाइज करेगा तो न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत होगा बल्कि आत्मबल में भी वृद्धि होगी। व्यायाम करने से जहां कई स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होते हैं तो समाज को सेहतमंद युवा मिलते हैं जोकि बेहतर सोसायटी की धुरी हैं। यह बात जनसेवक एवं ऊखली पंचायत के उप प्रधान सुशील ठाकुर ने ताल में युवाओं को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने द पॉवर फैक्ट्री जिम में जाकर युवाओं से मुलाकात की। जिस समय वह जिम में पहुंचे उस दौरान काफी युवा वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि युवाओं की स्वस्थ शरीर के लिए व्यायाम के प्रति सजगता प्रशंसनीय है।
सुशील ठाकुर ने युवाओं से मुलाकात के दौरान कहा कि व्यायाम करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। व्यायाम वजन नियंत्रण, हृदय स्वस्थ रहना, मांसपेशियां मजबूत होना और तनाव को कम करता है। साथ ही कई अन्य स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त होते हैं। उन्होंने जिम संचालकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के शानदार प्रबंध क्षेत्र में होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि शारीरिक तंदरुस्ती जहां बीमारियों से बचाती है तो वहीं आत्मविश्वास की शक्ति को प्रबल करती है। इसलिए युवाओं का व्यायाम के लाभों के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है। इस दौरान उन्होंने समाज के लिए घातक बनते जा रहे चिट्टे जैसे नशे पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ मिलकर मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत समय-समय पर युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभाव बताकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति नशे की प्रवृति से दूर रहे इसके लिए व्यायाम, खेल व शिक्षा की तरफ लग्न बहुत जरूरी है। सामाजिक सरोकार निभाना हरेक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि समाज तभी सही दिशा में जाएगा तब प्रबुद्धजन समय-समय पर युवाओं को बुराई तथा अच्छाई का ज्ञान देंगे। उन्होंने मौके पर मौजूद युवा शक्ति को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
