हमीरपुर के डॉ. सचिन गौतम को डीएम कार्डियोलॉजी में स्वर्ण पदक, क्षेत्र का नाम किया रोशन

हमीरपुर जिले के वार्ड नंबर 10, मिडिल गौड़ा के निवासी डॉ. सचिन गौतम ने चिकित्सा जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डीएम (कार्डियोलॉजी) में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उन्होंने यह सम्मान देश के प्रतिष्ठित संस्थान वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली से प्राप्त किया।

 

यह गौरवपूर्ण सम्मान उन्हें वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली के 7वें दीक्षांत समारोह में भारत सरकार की राज्य मंत्री (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) श्रीमती अनुप्रिया पटेल द्वारा प्रदान किया गया।

 

डॉ. सचिन गौतम एक प्रख्यात एवं कुशल इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट हैं और हृदय रोगों के उन्नत उपचार, जटिल एंजियोप्लास्टी, तथा संरचनात्मक हृदय रोगों के आधुनिक हस्तक्षेपात्मक उपचार में विशेष दक्षता रखते हैं। उन्होंने अपनी एमबीबीएस तथा एमडी (जनरल मेडिसिन) की पढ़ाई इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला से पूर्ण की है।

 

उल्लेखनीय है कि उनकी पत्नी डॉ. गरिमा व्यास भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी हैं और वर्तमान में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में नेत्र रोग विशेषज्ञ (आंखों की डॉक्टर) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में दोनों दंपती की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए विशेष गौरव का विषय है।

 

डॉ. सचिन गौतम की इस सफलता पर परिवारजनों, शिक्षकों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!