उत्तर भारत के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में नए साल के जश्न ने भक्ति का अनूठा रंग बिखेरा। बुधवार देर शाम से ही मंदिर परिसर ‘बाबा जी की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। नव वर्ष के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पंजाब से पहुंचे भक्तों ने विशेष भंडारे का आयोजन किया, जिसमें दूध, गजरेला, पकोड़े आदि का प्रसाद बांटा गया। यह भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
लुधियाना से आए श्रद्धालुओं के एक समूह ने मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन को उनके सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “यह हमारा यहां चौथा लंगर है। पुलिस चौकी सटे होने के बावजूद प्रशासन का पूरा सहयोग मिला, जिससे किसी भक्त को कोई असुविधा नहीं हुई।”
श्रद्धालुओं ने उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह, मंदिर अध्यक्ष एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा तथा मंदिर प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समन्वय से यह आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
मंदिर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस विभाग की भूमिका को भी भक्तों ने सराहा। नए वर्ष की यह शुरुआत भक्ति, सेवा और सामुदायिक सहयोग के संदेश के साथ हुई, जिसने सभी के मन को आनंदित कर दिया।
