ट्रैफ़िक पुलिस का सख़्त अभियान: नेशनल हाइवे पर ओवरस्पीड गाड़ियों पर जुर्माने की बौछार, नई तकनीक से कसा शिकंजा

पवन धीमान, हमीरपुर।

जिला ट्रैफ़िक पुलिस ने आज नेशनल हाइवे पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करते हुए कमर कस ली है। मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित हाइवे पर आम लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया, जिसमें नई आधुनिक स्पीड गन तकनीक की मदद से ओवरस्पीड वाहनों को चिन्हित कर उन पर भारी संख्या में चालान काटे गए।

शिकायतों के मुताबिक़, हाइवे पर निर्धारित 60-65 किमी/घंटा की गति सीमा को ताक पर रखकर कई वाहन चालक 70 से लेकर 100 किमी/घंटा तक की रफ़्तार से गाड़ियाँ दौड़ा रहे थे, जिससे दुर्घटना का ख़तरा बना हुआ था। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ चालक तो मौके से फरार भी हो गए, लेकिन उनके वाहनों का पता लगाकर डिजिटल तरीक़े से चालान किया गया।

आरंभ में कुछ लोगों को शक़ था कि पुलिस बिना सबूत के चालान काट रही है। लेकिन जब उनकी गाड़ी की गति नई स्पीड गन से चेक की गई और उल्लंघन साबित हुआ, तो उनका संशय दूर हो गया। पुलिस ने बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चलाने और बिना हेलमेट वाले दोपहिया सवारों के भी चालान काटे।

मिली जानकारी के अनुसार, आज के अभियान में ट्रैफ़िक पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत कुल मिलाकर 100 से अधिक चालान काटे। इनमें ओवरस्पीड के 60-70, सीट बेल्ट न लगाने के 15-20, हेलमेट न पहनने के 10 और टैक्सी चालकों द्वारा वर्दी न पहनने के 7 चालान शामिल हैं। सबसे अधिक चालान ट्रकों, अन्य चार पहिया वाहनों और दोपहिया वाहनों के काटे गए।

ट्रैफ़िक पुलिस ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यातायात नियमों का पालन न करने वालों के ख़िलाफ़ ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सीमित गति का पालन करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग करें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!