प्रदेश कांग्रेस में हुए पुनर्गठन के बाद हमीरपुर जिला इकाई की कमान एक बार फिर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के चहेते और विश्वासपात्र नेता सुमन भारती शर्मा को सौंपी गई है। यह दूसरी बार है जब शर्मा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर आसीन होंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू के सबसे करीबी माने जाने वाले सुमन भारती शर्मा का यह नियुक्ति पत्र जारी हो गया है। इस पद के लिए चली लंबी छननी और गहन विचार-विमर्श के बाद उन पर ही मुहर लगाई गई। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल द्वारा जिले के हर ब्लॉक से लिए गए कार्यकर्ताओं के फीडबैक और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद ने उनकी नियुक्ति में निर्णायक भूमिका निभाई।
*विस्तृत है राजनैतिक अनुभव*
शर्मा का संगठनात्मक रेज़्युमे काफी समृद्ध रहा है। वे एनएसयूआई के महासचिव, युवा कांग्रेस के महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर पहले भी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछले लगभग एक साल तक जब प्रदेश और जिला स्तर पर कोई कार्यकारिणी नहीं थी, तब भी उन्होंने हमीरपुर में पार्टी की कमान संभाली, कार्यक्रमों का संचालन किया और कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखा। यही वजह रही कि अध्यक्ष पद की दौड़ में वे सबसे आगे रहे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुमन भारती शर्मा मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हमीरपुर पहुंचेंगे। ऊखली पुल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और उपायुक्त कार्यालय में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
*नई कमेटी गठन पर होगी नज़र*
अब सभी की नजर शर्मा द्वारा नई जिला कमेटी के गठन पर है। कार्यकर्ता उम्मीद जता रहे हैं कि उनके नेतृत्व में हमीरपुर कांग्रेस संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगा और आगामी चुनौतियों के लिए बेहतर तैयारी कर सकेगा। मुख्यमंत्री के सीधे विश्वासपात्र को यह जिम्मेदारी मिलने से जिले में पार्टी की रणनीति और गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
