हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड सेवानिवृत्त तकनीकी कर्मचारी एवं अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन की एक अहम बैठक प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में सक्रिय सेवानिवृत्त तकनीकी कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने कहा कि संगठन का इकाई व जिला स्तर पर शीघ्र गठन किया जाएगा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार व बोर्ड प्रबंधन के समक्ष रखा जा सके। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद सेवानिवृत्त तकनीकी कर्मचारी एवं अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन का विधिवत पंजीकरण हो चुका है।बैठक में वक्ताओं ने बिजली बोर्ड में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि बोर्ड की रीढ़ माने जाने वाले तकनीकी कर्मचारियों व अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कठिन परिस्थितियों में कार्य कर विद्युत ढांचे को मजबूत किया, लेकिन आज वही कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। पहली जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान के आधार पर ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण का भुगतान अब तक लंबित है।इसके अलावा अप्रैल 2024 के बाद से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, ग्रेच्युटी तथा अवकाश नकदीकरण जैसे देय लाभों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।एसोसिएशन ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में वरिष्ठ अध्यक्ष व मुख्य सलाहकार श्री प्रदीप ढाकर ने भी प्रबंधन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की।
