औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों सहित आईटीआई स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों की महत्ता के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ऊना अशोक कुमार ने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव, गुड समेरिटन नियमों तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। आरटीओ अशोक कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना अत्यंत आवश्यक है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
*शिविर में सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव की दी जानकारी*
आरटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “सड़क सुरक्षा-फिल्म महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 15 फरवरी तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
इस महोत्सव में 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में लघु वीडियो बनाकर भाग ले सकता है। प्रतियोगिता से संबंधित नियम एवं शर्तें https://roadsafety.hp.gov.in/storage/files/tenders/sadak-suraksha-film-mahotsav.pdf लिंक से डाउनलोड की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त प्रविष्टियां परिवहन निदेशालय, सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश, शिमला में भी सीधे जमा करवाई जा सकती हैं।
*सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाग्तियों को मिलेंगे पुरस्कार*
आरटीओ ने बताया कि महोत्सव में चयनित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे जिसमें 25 हजार रुपये, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, 20 विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पुरस्कार में 5 हजार रुपये एवं प्रमाण पत्र शामिल होगा। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस मौके पर आईटीआई के प्रधानाचार्य अंशुल भारद्वाज, समूह अनुदेशक यशपाल भारद्वाज समूह अनुदेशक और आरटीओ कार्यालय के अधीक्षक सतीश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।