लंबे इंतज़ार के बाद पलेहड़ा को मिली राहत विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने किया पेयजल योजना का उद्घाटन

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहडरा के पलेहड़ा गांव को आखिरकार लंबे समय से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या से राहत मिल गई है। क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने गांव में बहुप्रतीक्षित पेयजल योजना का विधिवत उद्घाटन कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।

इस योजना के पूरा होने से पलेहड़ा गांव के सैकड़ों लोगों को अब स्वच्छ, नियमित और पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह पेयजल योजना विधायक निधि से लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है।

उद्घाटन अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि पलेहड़ा गांव की पेयजल समस्या लंबे समय से उनके संज्ञान में थी और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता से किसी भी गांव को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और जनहित से जुड़े विकास कार्यों में संसाधनों की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

इसके उपरांत विधायक ने विधायक निधि से निर्मित महिला मंडल पलेहड़ा भवन का भी लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि यह भवन ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इससे महिलाओं की सहभागिता और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि अन्य समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विधायक ने कहा कि जनसंवाद और जनसेवा उनकी कार्यशैली का मूल आधार है।

इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज डटवालिया, ग्राम पंचायत कोहडरा के प्रधान रविंद्र कुमार, ग्राम पंचायत क्यारा बाग के प्रधान प्रवेश कुमार, पलेहड़ा विकास कमेटी के प्रधान जय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही रिखी राम, विशाल ठाकुर, ईश्वर दास, लेखराम, आशा कुमारी, सुनीता कुमारी, रजनी देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडल की सदस्याएं, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने विधायक द्वारा वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान करने पर उनका आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। विधायक ने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका संकल्प है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!