हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की भोरंज तहसील के अंतर्गत टीका जौह क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे में अनीशा शर्मा पत्नी सुरेंद्र कुमार, पुत्र किशोरी लाल का मकान आग की चपेट में आ गया, जिससे परिवार को लाखों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा।
आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। इस घटना में कीमती गहने व जेवरात, लगभग ढाई लाख रुपये नकद, बच्चों का लैपटॉप, पढ़ाई की किताबें तथा अन्य जरूरी घरेलू सामान आग में खाक हो गया। बताया जा रहा है कि यह पूरी पूंजी परिवार ने अपने पूरे जीवन की मेहनत से जोड़ी थी, जो कुछ ही पलों में राख में तब्दील हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस नुकसान की भरपाई उनके लिए अपने स्तर पर करना संभव नहीं है।
परिवार और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व राज्य सरकार से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को पूर्ण आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और पुनर्वास सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।
यह घटना एक बार फिर बिजली सुरक्षा और आपदा राहत व्यवस्था की गंभीरता को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तुरंत निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
