United Forum of Bank Unions (UFBU) के आह्वान पर आज देशभर में बैंक कर्मचारियों ने अखिल भारतीय हड़ताल की। इसी कड़ी में आज पंजाब नेशनल बैंक (PNB) मंडल कार्यालय, हमीरपुर के बाहर बैंक कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण एवं विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बैंक कर्मियों ने भाग लेकर अपनी मांगों को एकजुट होकर उठाया।
इस अवसर पर ट्रेड यूनियन नेताओं में प्रदीप कौंडल (राष्ट्रीय उपमहासचिव, AIPNBOF एवं महासचिव, AIBOA हिमाचल प्रदेश), राजेंद्र पाल (महासचिव, PNBEU हिमाचल प्रदेश), अजय कतना (वर्किंग प्रेसिडेंट, AIPNBOA), भूपेंद्र सहगल (सर्किल प्रेसिडेंट, PNBOU सोलन) तथा राजेंद्र चौधरी (अध्यक्ष, AIPNBOF हमीरपुर) ने कर्मचारियों और मीडिया को संबोधित किया।
राष्ट्रीय उपमहासचिव AIPNBOF एवं महासचिव AIBOA हिमाचल प्रदेश प्रदीप कौंडल ने कहा कि बैंक कर्मचारियों ने हमेशा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
उन्होंने कहा,
“आज हम किसी के विरोध में नहीं, बल्कि अपने जायज़ अधिकारों के समर्थन में एकजुट हुए हैं। पाँच दिवसीय बैंकिंग लागू होना समय की आवश्यकता है, जिससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और बैंकिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी। हमें उम्मीद है कि सरकार बैंक कर्मचारियों की भावना को समझते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।”
अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी यूनियनों एवं एसोसिएशनों द्वारा इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ समझौता होने के बावजूद अब तक पाँच दिवसीय बैंकिंग लागू न किया जाना कर्मचारियों में निराशा का कारण बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि बैंक कर्मचारियों के सम्मान, हितों और एक मजबूत बैंकिंग व्यवस्था के पक्ष में है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने शांतिपूर्वक अपनी मुख्य मांग दोहराई—
“पाँच दिवसीय बैंकिंग तुरंत लागू की जाए।”
अंत में सभी नेताओं ने प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी एकता बनाए रखने की अपील की।
