घालूवाल में एकल नारी कृषि सहकारी सभा का कार्यक्रम आयोजित

एकल नारी कृषि सहकारी सभा घालूवाल द्वारा आज(गुरुवार) को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के सैंसोवाल गांव की बेटी आकृति को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा में तहसीलदार पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार एकल नारियों को सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के माध्यम से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में उनका भविष्य सुरक्षित और सुदृढ़ हो सके।

 

कार्यक्रम के दौरान एकल नारी कृषि सहकारी सभा घालूवाल द्वारा अपने कार्यालय भवन मरम्मत (रेनोवेशन) की मांग उपायुक्त के समक्ष रखी गई। उपायुक्त ने सभी उपस्थित महिलाओं को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके हितों की रक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

 

इस अवसर पर एकल नारी सहकारी कृषि सभा घालूवाल की अध्यक्ष कांता शर्मा, घालूवाल पंचायत के उप प्रधान अनिल जसवाल, डॉ सतीश, देशराज, रजनी, अनुपमा, काजल सहित अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!